मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य प्रगति पोर्टल की समीक्षा बैठक में फरीदाबाद की करीब 1000 एकड़ में विकसित हो रही ग्लोबल सिटी के बचे काम को दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं अगले तीन महीने में पूरी होंगी। ग्लोबल सिटी को नमो भारत मेट्रो और द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है। पंचकूला में फाइव स्टार होटल और टिक्करताल में एडवेंचर पार्क भी प्रस्तावित है।

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद की ग्लोबल सिटी में विश्व स्तर का आइकॉनिक टावर बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पिंजौर की हवाई पट्टी के विस्तार की योजना भी बनाई जाएगी।

राज्य प्रगति पोर्टल की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने ग्लोबल सिटी में बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का काम अगले तीन महीने में पूरा करने के निर्देश दिए। करीब 1000 एकड़ में विकसित हो रही इस ग्लोबल सिटी पर 1000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और 80 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है। बाकी काम दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।

ग्लोबल सिटी में शिक्षण संस्थान, अस्पताल, मॉल, थिएटर, लग्जरी होटल और मैरिज पैलेस जैसी सुविधाएं होंगी। इसे नमो भारत मेट्रो और द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है।

वहीं, पंचकूला के यादविंद्रा गार्डन में 100 कमरों का फाइव स्टार होटल बनाने और टिक्करताल में एडवेंचर पार्क विकसित करने की भी योजना है।

नांगल चौधरी लॉजिस्टिक हब में 23 अगस्त से विशेष ट्रेन चलेगी, जबकि हिसार के इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में भी बड़े स्तर पर औद्योगिक ढांचा विकसित किया जा रहा है।