सिविल अस्पताल जगरांव के अधीन रिहैबिलिटेशन सेंटर में नशा छोड़ने वाले मरीजों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए नई जिम सुविधा शुरू की गई। एसएमओ डॉ. अमन शर्मा ने बताया कि मरीजों को मुफ्त इलाज, दवाइयां, काउंसलिंग और पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है। सेंटर में एमडी मनोचिकित्सक डॉ. रितु धीमान की स्थायी तैनाती से मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत हुई हैं।

जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : पंजाब सरकार के नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से सिविल अस्पताल जगरांव के अधीन झाँसी रानी चौक के निकट स्थित रिहैबिलिटेशन (नशा छुड़ाऊ) सेंटर में एक नए जिम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सेंटर में नई ट्रेडमिल और अन्य आधुनिक कसरत मशीनें स्थापित की गईं, ताकि इलाज अधीन मरीजों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को और बेहतर बनाया जा सके।

​इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल अस्पताल जगरांव के सीनियर मेडिकल ऑफिसर (एसएमओ) डॉ. अमन शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा नशा छोड़ने के इच्छुक युवाओं को हर संभव सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। इसी कड़ी के तहत सरकार द्वारा भेजी गई नई ट्रेडमिल सेंटर में स्थापित की गई है। इस दौरान 'युद्ध नशों विरुद्ध' अभियान के जिला कोऑर्डिनेटर विक्रम थिंद और उनकी टीम ने भी सेंटर का दौरा किया और मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

​डॉ. शर्मा ने बताया कि वर्तमान में रिहैबिलिटेशन सेंटर में लगभग 35 से 40 मरीज (कई बार 50 के करीब) दाखिल हैं। सभी मरीजों को मुफ्त इलाज, दवाइयां, काउंसलिंग और पौष्टिक भोजन प्रदान किया जा रहा है। सेंटर के लिए एक बड़ी उपलब्धि यह रही है कि मनोचिकित्सक (साइकाइट्रिस्ट) डॉ. रितु धीमान (एम.डी.) की स्थाई तैनाती रिहैबिलिटेशन सेंटर में कर दी गई है, जिससे मरीजों को मनोचिकित्सा संबंधी सेवाएं तुरंत और प्राथमिकता के आधार पर मिलेंगी।
​डॉ. शर्मा ने आगे बताया कि 2 जुलाई को एसएमओ का चार्ज संभालने के बाद अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को काफी हद तक पूरा कर लिया गया है। एम.डी. मेडिसिन के विशेषज्ञ डॉ. अर्शप्रीत, सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. मल्ली और एक आर्थोपेडिक विशेषज्ञ की नियमित सेवाओं से अब अस्पताल में हड्डियों और जोड़ों से संबंधित इलाज, आर्थोपेडिक ट्रॉमा, सड़क हादसों की सर्जरी और घुटनों के रिप्लेसमेंट ऑपरेशन लगातार किए जा रहे हैं, जिससे इलाके के लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।

​इस अवसर पर सीनियर फार्मेसी अफसर बलजिंदर (हैप्पी), डॉ. विवेक, डॉ. रितु धीमान, काउंसलिंग स्टाफ से अमन, मीनू सहित अन्य स्टाफ मेंबर उपस्थित रहे।