फिरोजपुर मंडल ने ई-नीलामी के जरिए तीन साल के लिए पार्सल पैकिंग सुविधा का अनुबंध आवंटित किया है। सुविधा शुरू होने से यात्री स्टेशन पर ही अपने सामान की सुरक्षित और व्यवस्थित पैकिंग करा सकेंगे। इससे परिवहन के दौरान पार्सल के टूटने या क्षतिग्रस्त होने की आशंका कम होगी। रेलवे को उम्मीद है कि इससे पार्सल संबंधी शिकायतों और क्षतिपूर्ति दावों में कमी आने के साथ गैर-किराया राजस्व भी बढ़ेगा।

अमृतसर (आर. के. उप्पल) : फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक पार्सल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडल द्वारा ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन पर पार्सल पैकिंग सुविधा के अनुबंध का सफलतापूर्वक आवंटन तीन वर्ष की अवधि के लिए किया गया है।
इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को अपने पार्सल की पैकिंग रेलवे स्टेशन पर ही नाममात्र शुल्क पर करवाने की सुविधा मिलेगी। उचित एवं सुरक्षित पैकिंग होने से पार्सल के परिवहन के दौरान टूट-फूट अथवा क्षति की संभावना कम होगी। इससे पार्सल लोडिंग से संबंधित शिकायतों में कमी आने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त पार्सल के दावों में भी कमी आएगी।

पार्सल पैकिंग सुविधा से सामान का सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम परिवहन सुनिश्चित होगा। यह सुविधा लुधियाना एवं अमृतसर रेलवे स्टेशनों पर पहले से सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है और यात्रियों द्वारा इसका लाभ उठाया जा रहा है। अब फिरोजपुर कैंट स्टेशन पर भी यह सुविधा उपलब्ध होने से रेल यात्रियों को पार्सल बुकिंग के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी।

फिरोजपुर मंडल द्वारा ई-नीलामी प्रणाली के माध्यम से पारदर्शिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ गैर-किराया राजस्व में वृद्धि पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। पार्सल पैकिंग सुविधा की शुरुआत रेलवे की आय बढ़ाने के साथ यात्रियों को बेहतर, आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।