GRP ने कैमरा कब्जे में लेकर RPF को सौंपा, जांच में जुटीं सुरक्षा टीमें

अमृतसर (Narendra Singh Danu) : अमृतसर में रेलवे सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। रेलवे ट्रैक के पास पोल पर संदिग्ध कैमरा मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी (GRP) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कैमरे को हटाकर कब्जे में ले लिया। बाद में इसे आगे की जांच के लिए आरपीएफ (RPF) को सौंप दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित जांच टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और मामले की जांच शुरू कर दी गई। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह कैमरा किसने लगाया, इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी अमृतसर-मानावाला रेलवे ट्रैक पर ओएचई (OHE) पोल पर एक संदिग्ध सीसीटीवी कैमरा मिला था। जीआरपी कर्मचारियों को रूटीन चेकिंग के दौरान किलोमीटर संख्या 508/23 के पास यह कैमरा दिखाई दिया था।

इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ, सिविल पुलिस और अन्य सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंची थीं। आरपीएफ ने उस कैमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। लगातार दो दिनों में रेलवे ट्रैक के आसपास संदिग्ध कैमरे मिलने से सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं।