17 जुलाई को पीएम मोदी के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज, बोले- कमियों को समय पर किया जाएगा दूर

जालंधर (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचकर उद्घाटन समारोह की तैयारियों और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। रेलवे अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने स्टेशन पहुंचने पर उनका स्वागत किया।

करीब 98.89 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किए जा रहे जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का काम अंतिम चरण में है। निरीक्षण के दौरान बिट्टू ने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

पत्रकारों से बातचीत में रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि रेलवे स्टेशन के उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे को लेकर लोगों में भी उत्साह है। उन्होंने बताया कि भाजपा नेतृत्व और प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

बिट्टू ने कहा कि बड़े प्रोजेक्टों में कुछ कमियां रह जाती हैं, जिन्हें समय रहते दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में 100 साल से अधिक पुराने करीब 1500 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का काम चल रहा है और जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन भी इसी योजना का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि 17 जुलाई तक तैयार होने वाले कई रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए जाने की योजना है। हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री के जालंधर दौरे की तारीख में बदलाव की संभावना से भी इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि उद्घाटन की अंतिम तारीख को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रधानमंत्री जालंधर आकर स्टेशन का उद्घाटन करेंगे।