6 हैंड ग्रेनेड, 12 पिस्तौल और कार जब्त; विदेशी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) विंग ने अवैध हथियारों और विस्फोटक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए अमृतसर से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छह हैंड ग्रेनेड, 12 अत्याधुनिक पिस्तौल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा हथियारों की सप्लाई के लिए इस्तेमाल की जा रही हुंडई आई-20 कार भी जब्त की गई है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमृतसर के गांव कक्कड़ निवासी चिंटू, जोबनप्रीत सिंह और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में आठ .30 बोर और चार 9 एमएम पिस्तौल शामिल हैं।

डीजीपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी तस्करों और प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हैंडलरों के निर्देशों पर काम कर रहे थे। पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क पंजाब में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के उद्देश्य से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, सीआई अमृतसर को सूचना मिली थी कि आरोपितों ने अजनाला क्षेत्र से हथियारों और विस्फोटकों की बड़ी खेप हासिल की है और वे इसे अमृतसर-चोगांवां रोड स्थित भारतमाला बाईपास हाईवे के अंडरपास के पास आगे पहुंचाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर आई-20 कार को रोका और उसमें सवार तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान कार से छह हैंड ग्रेनेड, 12 पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए। पुलिस अब आरोपितों के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन और इनके विदेशी कनेक्शन की जांच कर रही है।

इस मामले में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।