डीआरडीओ और भारतीय सेना की बड़ी उपलब्धि, स्वदेशी रक्षा तकनीक में बढ़ी भारत की क्षमता

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए बुधवार को पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल परीक्षण किया। ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) में किए गए इस परीक्षण में रॉकेट ने निर्धारित 60 किलोमीटर से अधिक दूरी तक सटीक प्रहार क्षमता का प्रदर्शन किया।

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के अनुसार, परीक्षण के दौरान रॉकेट ने सभी तय मानकों को पूरा करते हुए निर्धारित लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाया। फ्लाइट के पूरे मार्ग की निगरानी सभी स्थापित ट्रैकिंग उपकरणों के जरिए की गई।

मौजूदा पिनाका लॉन्चर से किया गया परीक्षण

डीआरडीओ ने बताया कि यह परीक्षण आईटीआर और प्रूफ एंड एक्सपेरिमेंटल एस्टेब्लिशमेंट (पीएक्सई) के समन्वय से किया गया। रॉकेट को सेना में पहले से इस्तेमाल हो रहे पिनाका लॉन्चर सिस्टम से लॉन्च किया गया।

इससे यह साबित हुआ कि एक ही लॉन्चर से पिनाका के अलग-अलग संस्करणों को संचालित किया जा सकता है। यह क्षमता सेना की परिचालन जरूरतों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

राजनाथ सिंह ने दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल परीक्षण के लिए डीआरडीओ, भारतीय सेना और रक्षा उद्योग से जुड़े सभी कर्मियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लंबी दूरी तक मार करने वाले गाइडेड रॉकेट के क्षेत्र में भारत की स्वदेशी डिजाइन और विकास क्षमता को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

डीआरडीओ अध्यक्ष एवं रक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी परीक्षण से जुड़ी टीमों की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भर रक्षा निर्माण की दिशा में अहम उपलब्धि बताया।