नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : वेनेजुएला में भूकंप प्रभावित लोगों की मदद के लिए चलाए गए भारतीय सेना के मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियान 'ऑपरेशन एमिस्टेड' के सफल समापन के बाद 41 सदस्यीय भारतीय मेडिकल टीम ने स्वदेश वापसी शुरू कर दी है। मिशन के दौरान सेना ने 1,900 से अधिक लोगों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।
भारतीय सेना ने बुधवार को बताया कि दक्षिण अमेरिका के उत्तरी हिस्से में आए विनाशकारी भूकंप के बाद 26 जून को भारत से एक कम्पोजिट टास्क फोर्स वेनेजुएला भेजी गई थी। टीम ने 28 जून तक काराकास के ला रिनकोनाडा क्षेत्र में अत्याधुनिक फील्ड हॉस्पिटल स्थापित कर उसे पूरी तरह संचालित कर दिया था।
आगरा स्थित 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल की 41 सदस्यीय मेडिकल टीम ने प्रभावित लोगों को ट्रॉमा मैनेजमेंट, आपात चिकित्सा, सर्जरी और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इसके अलावा स्थानीय चिकित्सा अधिकारियों के उपयोग के लिए दो एडवांस्ड पोर्टेबल इमरजेंसी मेडिकल सिस्टम भी स्थापित किए गए।
इस राहत अभियान में भारतीय वायु सेना ने भी अहम भूमिका निभाई। वायु सेना के दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमानों के जरिए 35 टन से अधिक मेडिकल उपकरण, राहत सामग्री और दो पोर्टेबल फील्ड हॉस्पिटल वेनेजुएला पहुंचाए गए।
भारतीय सेना के अनुसार, लगभग दो सप्ताह तक चले इस अभियान में मेडिकल टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं उपचार कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया। अब मिशन पूरा होने के बाद टीम चरणबद्ध तरीके से भारत लौट रही है।
सेना ने कहा कि 'ऑपरेशन एमिस्टेड' भारत की मानवीय सहायता और आपदा राहत के प्रति प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण है, जिसने संकट की घड़ी में वेनेजुएला के लोगों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।