भाजपा सांसद का आरोप- वर्षों विरोध करने वाली कांग्रेस अब राजनीतिक लाभ के लिए ले रही भगवान श्रीराम का नाम

शिमला (Narendra Singh Danu) :भाजपा सांसद कंगना रनौत ने राम मंदिर और भगवान श्रीराम के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण का वर्षों तक विरोध करने वाली कांग्रेस अब राजनीतिक लाभ के लिए उसी मुद्दे का सहारा ले रही है। उनका कहना है कि जनता कांग्रेस के इस बदले रुख और दोहरे चरित्र को भली-भांति समझ चुकी है।

बुधवार को जारी बयान में मंडी से सांसद कंगना रनौत ने कहा कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में राम मंदिर को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसे इसमें सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था के प्रतीक हैं और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण सदियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है।

कंगना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया। अब जबकि मंदिर बन चुका है और देश की भावनाएं उससे जुड़ी हैं, कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए उसी मुद्दे को उठा रही है।

भाजपा सांसद ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने मंदिरों की संपत्तियों और संसाधनों का उपयोग सरकारी योजनाओं के लिए करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि ऐसे में कांग्रेस नेताओं का धार्मिक आस्था की बात करना उनकी कथनी और करनी के अंतर को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रही है। भाजपा ने कभी भी आस्था को वोट बैंक की राजनीति का माध्यम नहीं बनाया, बल्कि उसे देश की सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा माना है।

कंगना रनौत ने कहा कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों पर राजनीति चाहती है। उन्होंने कांग्रेस से आग्रह किया कि वह धार्मिक विषयों पर राजनीति करने के बजाय अपनी सरकार के प्रदर्शन और जनहित से जुड़े मुद्दों पर जवाब दे।