चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए प्रशासन के विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग टेंडर जारी किए हैं।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी पीजीआई और पंजाब यूनिवर्सिटी से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार किए गए कालका, मोहाली, अंब अंदौरा और आनंदपुर साहिब रेलवे स्टेशनों का भी वर्चुअल लोकार्पण करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर बड़े स्तर पर इंतजाम
कार्यक्रम के लिए करीब 6000 वर्ग मीटर क्षेत्र में वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर लगाया जाएगा। बारिश की संभावना को देखते हुए इसे तैयार किया जा रहा है। पूरे पंडाल को ठंडा रखने के लिए 600 टन क्षमता का एयर कंडीशनिंग सिस्टम लगाया जाएगा।
वीआईपी और अन्य मेहमानों के लिए एसी लाउंज, बैठक व्यवस्था, फर्नीचर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर 2200 सोफे, 300 कुर्सियां, करीब 70 हजार वर्ग फीट कारपेट, 65 हजार वर्ग फीट बैरिकेडिंग, 20 वाटर कूलर और 24 पोर्टेबल टॉयलेट लगाए जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
बिजली आपूर्ति के लिए 11 जनरेटर (125 केवीए), 28 जनरेटर (250 केवीए) और एक 500 केवीए डीजी सेट लगाया जाएगा। सुरक्षा और निगरानी के लिए हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे, एलईडी लाइट्स, फायर सेफ्टी सिस्टम और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल को सजाने के लिए 4000 रंगीन गमले भी लगाए जाएंगे।
सभी टेंडर शॉर्ट नोटिस पर जारी किए गए हैं। कुछ टेंडर दो-तीन दिन में पूरे होने की उम्मीद है, जबकि बाकी को एक सप्ताह के भीतर अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद संबंधित एजेंसियां काम शुरू कर देंगी।
चार रेलवे स्टेशनों को मिलेगा नया स्वरूप
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कालका, मोहाली, अंब अंदौरा और आनंदपुर साहिब रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
योजना के तहत देशभर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इनमें स्थानीय संस्कृति और वास्तुकला को भी शामिल किया जा रहा है, ताकि स्टेशन अपने क्षेत्र की पहचान को दर्शा सकें।
प्रधानमंत्री मोदी का पिछला चंडीगढ़ दौरा 3 दिसंबर 2024 को हुआ था। उस दौरान उन्होंने पीईसी में आयोजित कार्यक्रम में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन को राष्ट्र को समर्पित किया था। प्रस्तावित दौरे को स्वास्थ्य, शिक्षा और रेलवे ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।