चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब कांग्रेस में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक मंथन दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने मंगलवार को पंजाब कांग्रेस भवन में पार्टी नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठन की स्थिति और चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
बैठकों का सिलसिला दोपहर बाद तक चलता रहा। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के तीनों वर्किंग प्रेसिडेंट, महासचिवों और अन्य संगठनात्मक पदाधिकारियों से फीडबैक लिया गया। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ भी बैठक कर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा की गई।
हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा बैठक में शामिल नहीं हुए। दोनों नेता फिलहाल दिल्ली में हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि चन्नी और रंधावा से भूपेश बघेल की फोन पर बातचीत हो चुकी है और दोनों नेता जल्द चंडीगढ़ पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे।
वड़िंग ने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हो रही है। प्रदेश प्रभारी सभी नेताओं से व्यक्तिगत बातचीत कर संगठन को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। यह प्रक्रिया अगले तीन-चार दिनों तक जारी रहेगी।
वहीं, कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने दिल्ली दौरे को लेकर कहा कि उनका वहां जाना निजी कारणों से है और इसका किसी राजनीतिक गतिविधि से संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी को विदेश रवाना करने के लिए दिल्ली आए हैं।
वर्किंग प्रेसिडेंट राजकुमार वेरका ने पार्टी में गुटबाजी से इनकार करते हुए कहा कि यदि कहीं कोई मतभेद हैं तो उन्हें जल्द दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में पंजाब कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर चुनावी तैयारी में जुटेंगे।