दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में नियम आधारित व्यवस्था के प्रति जताई प्रतिबद्धता, 14 क्षेत्रों में समझौतों का हुआ आदान-प्रदान

जकार्ता (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच मंगलवार को हुई द्विपक्षीय वार्ता में भारत और इंडोनेशिया ने अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने रक्षा, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, निवेश, डिजिटल प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि और महत्वपूर्ण खनिजों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया।

प्रधानमंत्री मोदी की राजकीय यात्रा के दौरान जकार्ता स्थित इस्ताना मर्देका (राष्ट्रपति भवन) में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका औपचारिक स्वागत किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया। जनवरी 2025 में भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रबोवो की भारत यात्रा के बाद दोनों नेताओं की यह पहली द्विपक्षीय बैठक थी।

रक्षा, समुद्री सुरक्षा और तकनीक पर जोर

बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, समुद्री सहयोग, डिजिटल और वित्तीय तकनीक, ऊर्जा, स्वास्थ्य, औषधि, अंतरिक्ष, रेयर अर्थ और महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की।

दोनों देशों ने मुक्त, खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के ‘महासागर’ (MAHASAGAR - Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) दृष्टिकोण की जानकारी भी साझा की।

इंडोनेशिया में शुरू होगा ओपन डिजिटल नेटवर्क

वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) की तर्ज पर इंडोनेशिया में इंडोनेशिया ओपन नेटवर्क (ION) शुरू करने की पहल का स्वागत किया। इससे दोनों देशों के बीच डिजिटल व्यापार और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।

दोनों नेताओं ने वर्ष 2027 में गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की इंडोनेशिया यात्रा के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘टैगोर-देवांतरा सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कूटनीति वर्ष’ मनाने की घोषणा का भी स्वागत किया।

ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए भारत को समर्थन

क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा के दौरान दोनों नेताओं ने आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई। राष्ट्रपति प्रबोवो ने वर्ष 2026 में ब्रिक्स की भारत की अध्यक्षता के लिए इंडोनेशिया के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

कई क्षेत्रों में समझौतों का आदान-प्रदान

वार्ता के बाद दोनों नेताओं की मौजूदगी में रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज एवं रेयर अर्थ, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, शिक्षा, निर्वाचन सहयोग, दूरसंचार, कृषि, समुद्री सुरक्षा, अंतरिक्ष, इस्पात आपूर्ति श्रृंखला, आपदा प्रबंधन, चिकित्सा उत्पाद नियमन और स्वास्थ्य कार्यबल सहयोग जैसे क्षेत्रों से जुड़े समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया।

इसके अलावा योग्यकार्ता स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल प्रम्बानन मंदिर परिसर के संरक्षण और पुनरुद्धार में भारत के सहयोग संबंधी आशय पत्र का भी आदान-प्रदान हुआ।

बैठक के बाद राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में भोज का आयोजन किया। प्रधानमंत्री ने गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए राष्ट्रपति का धन्यवाद करते हुए उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया।