प्रतापगढ़ में 384 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, मुख्यमंत्री बोले- एसआईटी जांच के आधार पर हो रही कार्रवाई, हिंदू आस्था को बदनाम करने की साजिश

प्रतापगढ़ (Narendra Singh Danu) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में कथित दान चोरी प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष एक घटना को आधार बनाकर हिंदू आस्था को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है, जबकि मामले में एसआईटी की जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

मंगलवार को प्रतापगढ़ में 384 करोड़ रुपये की लागत वाली 111 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष युवाओं को रोजगार और प्रदेश के विकास से परेशान है। उनका आरोप था कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस फिर से जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं।

'वक्फ घोटाले पर क्यों नहीं बोलते?'

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्ष अयोध्या के कथित दान चोरी मामले पर लगातार बयानबाजी कर रहा है, लेकिन वक्फ संपत्तियों से जुड़े कथित घोटालों पर कभी सवाल नहीं उठाता। उन्होंने कहा कि हजारों हेक्टेयर जमीन के कथित दुरुपयोग पर विपक्ष की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

'राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाले आज आस्था की बात कर रहे'

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले ये दल भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे और अब आस्था की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या आज विश्व स्तर पर आस्था और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन चुकी है, जिसे विपक्ष पचा नहीं पा रहा।

एसआईटी जांच का किया जिक्र

योगी ने कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की मांग पर उत्तर प्रदेश सरकार ने एसआईटी का गठन किया था। उन्होंने कहा कि जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर ट्रस्ट ने एफआईआर दर्ज कराई है और जिन लोगों के खिलाफ साक्ष्य मिले हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।