चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए डाक विभाग ने लोगों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। 15 जुलाई से 28 अगस्त तक चयनित डाकघर रविवार और सरकारी छुट्टियों के दिन भी खुले रहेंगे, ताकि लोग समय पर राखियां और पार्सल भेज सकें।
प्रवर अधीक्षक डाकघर, होशियारपुर मंडल संदीप कुमार शोरी ने बताया कि इस अवधि में चयनित पोस्ट ऑफिसों के एमपीसीएम (MPCM) काउंटर सभी रविवार और सरकारी अवकाश के दिन सुबह 9 बजे से शाम 4:30 बजे तक संचालित होंगे। यहां मेल और पार्सल बुकिंग के अलावा राखी पार्सल, आधार नामांकन (Enrollment) और आधार अपडेट जैसी सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
इस सुविधा के तहत होशियारपुर हेड पोस्ट ऑफिस, दसूहा, बलाचौर, गढ़शंकर, गढ़दीवाला, मुकेरियां, तलवाड़ा और उड़मुड़ पोस्ट ऑफिस खुले रहेंगे।
डाक विभाग ने बताया कि सभी संबंधित डाकघरों में राखी बॉक्स, राखी लिफाफे, पार्सल पैकेजिंग सामग्री और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई है, ताकि लोगों को रक्षाबंधन के अवसर पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।