अमित शाह के बंगाल दौरे पर BJP का TMC पर हमला

कोलकाता (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने राज्य की राजनीति और कानून-व्यवस्था को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला।

पत्रकारों से बातचीत में अग्निमित्रा पाल ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके योगदान के कारण ही पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न हिस्सा बन सका। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने उनके योगदान को इतिहास से मिटाने की कोशिश की, लेकिन सच्चाई को बदला नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में विकास को नई दिशा मिली है, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

हाल ही में बारुईपुर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि दोषी किसी भी समुदाय या राजनीतिक पृष्ठभूमि से हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और कानून अपना काम करेगा।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई, जबकि अब राजनीतिक लाभ के लिए कुछ नेता घटनास्थलों पर जाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

भाजपा विधायक ने कहा कि उनकी पार्टी वोट बैंक की राजनीति नहीं बल्कि विकास की राजनीति में विश्वास रखती है और राज्य के सभी वर्गों के लिए बिना भेदभाव के काम कर रही है।