नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स प्रबंधन लिमिटेड (एनएचएलएमएल) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान देशभर में विकसित किए जा रहे मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी), रोपवे, इंटरमॉडल स्टेशन और वे-साइड सुविधाओं की परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
बैठक में गडकरी ने कहा कि ये परियोजनाएं भारत में आधुनिक, एकीकृत और भविष्य के अनुरूप परिवहन नेटवर्क तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी से माल परिवहन अधिक तेज और किफायती होगा, लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी और देश के विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही यात्रियों को भी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
गडकरी ने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवहन ढांचा आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।