नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में छह देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों से उनके परिचय-पत्र (क्रेडेंशियल्स) स्वीकार किए। इस औपचारिक प्रक्रिया के साथ इन राजनयिकों ने भारत में आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया।
राष्ट्रपति भवन के अनुसार, राष्ट्रपति ने मोजाम्बिक के उच्चायुक्त अरमांडो पेड्रो मुइआने जूनियर, निकारागुआ की राजदूत नदेस्का इमारा कथबर्ट कार्लसन, सूरीनाम की राजदूत हनीशा जयराम, गैबोन के उच्चायुक्त ऑरेलियन-मार्सेल मिंट्सा न्गुएमा, मंगोलिया के राजदूत डॉ. उल्जीत लुव्सानजाव और बहामास के उच्चायुक्त पीटर निकोलस साइमोनेट से उनके परिचय-पत्र प्राप्त किए।
राष्ट्रपति भवन ने बताया कि परिचय-पत्र प्रस्तुत करने की यह प्रक्रिया भारत और संबंधित देशों के बीच राजनयिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण औपचारिक कदम है। इसके साथ ही नवनियुक्त राजदूतों और उच्चायुक्तों को भारत में अपने कूटनीतिक दायित्वों के निर्वहन की आधिकारिक मान्यता भी मिल जाती है।