भोपाल (Narendra Singh Danu) : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्णय के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने नए वक्फ बोर्ड का गठन कर दिया है। इस संबंध में राजपत्र अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश वक्फ अधिनियम-1995 (संशोधित-2025) के तहत वक्फ बोर्ड का पुनर्गठन करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
जनसंपर्क अधिकारी पंकज मित्तल ने बताया कि नवगठित वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल होंगे। बोर्ड में कुल 10 सदस्य शामिल किए गए हैं, जिनमें पहली बार दो हिंदू सदस्य—मनोज मालपानी और अनिमेश भार्गव को भी स्थान दिया गया है।
सरकार ने वक्फ अधिनियम की धारा-13 और धारा-14 के प्रावधानों के तहत बोर्ड का गठन किया है। नए बोर्ड में नजमा हेपतुल्ला, आतिफ अकील, फैजान खान, फातेमा चौधरी, शाइस्ता सुल्तान, शबाना खान, मनोज मालपानी, अनिमेश भार्गव तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त को सदस्य बनाया गया है।
सरकार ने स्पष्ट किया कि नजमा हेपतुल्ला का कार्यकाल 19 अप्रैल 2023 की अधिसूचना के तहत पहले से 18 अप्रैल 2028 तक प्रभावी है। इसलिए उन्हें शेष कार्यकाल के लिए नए बोर्ड में भी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।