लखनऊ में RSS पदाधिकारियों से भी मुलाकात; सहयोगी दलों को संदेश— 'जिताऊ उम्मीदवारों' को ही मिलेगा टिकट

लखनऊ (Narendra Singh Danu) : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लखनऊ दौरे के दूसरे दिन संगठन और सहयोगी दलों के नेताओं के साथ अहम बैठकें कीं। उन्होंने पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पदाधिकारियों से अलग-अलग मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, भूपेंद्र चौधरी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेई और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी मौजूद रहे।

इसके बाद भाजपा अध्यक्ष ने सहयोगी दलों के नेताओं से मुलाकात की। बैठक में रालोद, निषाद पार्टी, सुभासपा और अपना दल के प्रतिनिधि शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक, नितिन नवीन ने सभी नेताओं से स्पष्ट कहा कि आगामी चुनाव में जीत की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को ही टिकट दिया जाएगा।

बाद में जियामऊ स्थित विश्व संवाद केंद्र में भाजपा अध्यक्ष ने राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष की मौजूदगी में RSS के वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी बैठक की। इसमें संगठनात्मक समन्वय, चुनावी तैयारियों और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में संघ और भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।