हर अधिकारी की होगी जवाबदेही, डिजिटाइजेशन कार्य का स्वयं निरीक्षण करेंगे उपायुक्त

पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्य पर जोर देते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि 14 जुलाई से पहले हर हाल में डिजिटाइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा होना चाहिए । इसमें देरी की कोई गुंजाइश नहीं है ।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 9,66,687 मतदाताओं के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य जारी है। अब तक 9,01,628 गणना प्रपत्र (93.27 प्रतिशत) प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 4,55,925 प्रपत्र (47.16 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है, जबकि 4,88,811 प्रपत्र (50.57 प्रतिशत) का डिजिटाइजेशन अभी शेष है। 9 दिन अभी बाकी है। इसके अलावा 2,134 प्रकरण (0.22 प्रतिशत) विभिन्न कारणों से लंबित हैं।

उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता और मिशन मोड में कार्य करें ताकि निर्धारित समय-सीमा से पहले शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।

उन्होंने कहा कि वे स्वयं विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत डिजिटाइजेशन कार्य का नियमित निरीक्षण कर रहे हैं और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। जहां भी कार्य में ढिलाई या लापरवाही पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों, सुपरवाइजरों, बीएलओ एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शेष 4,88,811 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन युद्धस्तर पर पूरा करें।

उन्होंने कहा कि 14 जुलाई से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत डिजिटाइजेशन का कार्य हर हाल में शत-प्रतिशत पूरा होना चाहिए। पानीपत जिला निर्वाचन आयोग की अपेक्षाओं के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन करे, इसके लिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ निभाए।