नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और 13 अगस्त तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने केंद्र सरकार की सिफारिश पर संसद के दोनों सदनों का सत्र बुलाने की मंजूरी दे दी है।
रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि मानसून सत्र के दौरान राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी और कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर विचार एवं निर्णय लिया जाएगा।
सरकार के एजेंडे पर अहम बिल
सूत्रों के अनुसार, मानसून सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है। पिछले बजट सत्र के बाद संसद के दोनों सदनों में संख्या बल के समीकरण भी बदले हैं, जिससे सरकार की स्थिति पहले की तुलना में अधिक मजबूत मानी जा रही है।
संविधान संशोधन विधेयकों पर भी नजर
संसदीय जानकारों के मुताबिक, सरकार इस सत्र में कुछ महत्वपूर्ण, विशेषकर संविधान संशोधन से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर सकती है। वहीं विपक्ष महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और अन्य समसामयिक मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है।
20 जुलाई से शुरू होने वाला यह मानसून सत्र बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच काफी अहम माना जा रहा है, जिसमें कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।