कुरुक्षेत्र (परमिंदर सिंह) हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से 7 सडकों के निर्माण के लिए 11.13 करोड रुपए का बजट पारित किया गया है। इन सडकों के निर्माण की जिम्मेवारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। इस विभाग की तरफ से लगभग 15 किलोमीटर लम्बी 7 सडकों का निर्माण किया जाएगा। इन सडकों के निर्माण से दर्जनों गांव को लाभ मिलेगा और सडकों से सम्बन्धित समस्याओं से निजात भी मिलेगी।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा शनिवार को निवास कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से ही थानेसर हल्का का चहुंमुखी विकास कार्य 3गुणा गति के साथ किया जा रहा है। इस हल्का में 7 सडक़ों का निर्माण कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए प्रदेश सरकार ने 11 करोड 13 लाख रुपए का बजट पारित किया है। इस कार्य को लोक निर्माण विभाग की तरफ से जल्द शुरू किया जाएगा और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष फोकस रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग की तरफ से ढांड रोड से बारना और हथीरा तक 6.30 किलोमीटर सडक का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह ढांड रोड से गुरुकुल तक 0.58 किलोमीटर, गुरुद्वारा छठी पातशाही से आरओबी (शर्मा टाइप कॉलेज)वाया परशुराम चौक रेलवे रोड 1.63 किलोमीटर, पलवल से खेडी रामनगर 2.28 किलोमीटर, गीता स्थली ज्योतिसर से रेलवे स्टेशन ज्योतिसर तक 2 किलोमीटर, पिहोवा रोड से गुलाबगढ 1.40 किलोमीटर, एसके रोड से खेडी मारकंडा से सिरसला, कसेरला, गांव कनीपला के लिए 0.41 किलोमीटर सडक का निर्माण कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से थानेसर हल्का के विकास का सैंकडों करोड का बजट खर्च किया जा चुका है। इस सरकार ने गांव और शहरों के हर वार्ड का सामान रूप से विकास कार्य करवाया है। इस सरकार ने सबका साथ सबका विकास की नीति को आधार मानकर विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। इस सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का फायदा मिले।