चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को संभावित चंडीगढ़ दौरे को लेकर यूटी प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से कार्यक्रम को अभी अंतिम मंजूरी नहीं मिली है, लेकिन प्रशासन ने संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा और आयोजन संबंधी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ और पंजाब यूनिवर्सिटी की कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं। इनमें स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।
PGI को मिलेंगी दो बड़ी स्वास्थ्य परियोजनाएं
पीजीआई में करीब 495 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 300 बेड का एडवांस्ड आई एंड ट्रॉमा सेंटर उद्घाटन के लिए तैयार है। इसमें अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, क्लीनिकल लैब, ईएनटी विभाग, मिनी डेंटल यूनिट, कैफेटेरिया और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा करीब 485 करोड़ रुपये की लागत से बने 300 बेड के मदर एंड चाइल्ड सेंटर का भी उद्घाटन प्रस्तावित है। इसके शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के इलाज की क्षमता में बड़ा इजाफा होगा।
न्यूरोसाइंस सेंटर से मरीजों को मिलेगी राहत
प्रधानमंत्री एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर का भी लोकार्पण कर सकते हैं। इसके शुरू होने के बाद न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी से जुड़े गंभीर मरीजों को एक ही स्थान पर अत्याधुनिक इलाज उपलब्ध होगा। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और आसपास के राज्यों के मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे स्टेशन परियोजना भी हो सकती है शामिल
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री करीब 117 करोड़ रुपये की लागत से विकसित चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के आधुनिक सुविधाओं वाले प्रोजेक्ट का भी उद्घाटन कर सकते हैं। इसमें सिटी सेंटर कैप्सूल सहित कई नई सुविधाएं शामिल हैं।
पंजाब यूनिवर्सिटी को मिलेगा आधुनिक ऑडिटोरियम
संभावित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री पंजाब यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में बने 2400 सीटों वाले अत्याधुनिक मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम का भी उद्घाटन कर सकते हैं। इसका उपयोग दीक्षांत समारोह, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बड़े शैक्षणिक आयोजनों के लिए किया जाएगा।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, PMO की मंजूरी बाकी
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने रूट प्लान, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों का प्रारंभिक निरीक्षण शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री कार्यालय से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद विस्तृत कार्यक्रम और समय-सारिणी जारी की जाएगी।