जोधपुर (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान दौरे पर जोधपुर पहुंचे। यहां उन्होंने बहुप्रतीक्षित जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना 'उड़ान-2' का भी शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रिमोट बटन दबाकर नए टर्मिनल का उद्घाटन किया।
अब पचपदरा रिफाइनरी का करेंगे उद्घाटन
जोधपुर कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री भारतीय वायुसेना स्टेशन से हेलिकॉप्टर के जरिए बालोतरा जिले के पचपदरा के लिए रवाना हुए। वहां वे देश की प्रमुख एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे।
राजस्थान को मिलेंगी कई विकास परियोजनाओं की सौगात
पचपदरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित राज्य की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा राजस्थान में बुनियादी ढांचे, ऊर्जा और परिवहन क्षेत्र से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं को गति देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।