अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर मांगा जाएगा जवाब; मीडिया रिपोर्ट में आपत्तिजनक विज्ञापनों के जरिए टेलीग्राम चैनलों तक पहुंचाने का दावा

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : इंस्टाग्राम पर कथित तौर पर बाल यौन शोषण सामग्री (CSAM) को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों के मामले में केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर मंत्रालय ने मेटा से इस मामले में जवाब तलब करने का फैसला किया है।

सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मेटा से स्पष्ट करें कि ऐसे विज्ञापन इंस्टाग्राम पर कैसे प्रसारित हुए और उन्हें रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए। सरकार इस मामले में कंपनी से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगेगी।

यह कार्रवाई एक मीडिया जांच रिपोर्ट के बाद की गई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इंस्टाग्राम पर कुछ भुगतान किए गए विज्ञापनों में आपत्तिजनक कीवर्ड का इस्तेमाल कर उपयोगकर्ताओं को बाहरी टेलीग्राम चैनलों तक पहुंचाया जा रहा था, जहां कथित तौर पर बाल यौन शोषण से संबंधित अवैध सामग्री बेचे जाने का दावा किया गया।

फिलहाल इस मामले पर मेटा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।