जंतर-मंतर पर छठे दिन भी जारी भूख हड़ताल; स्वास्थ्य बिगड़ने पर समर्थकों की बढ़ी चिंता

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दिल्ली के जंतर-मंतर पर पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल शुक्रवार को छठे दिन भी जारी रही। उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थकों ने भी उनके समर्थन में एक दिन का सांकेतिक उपवास रखा।

सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि वांगचुक की सेहत लगातार खराब हो रही है और इस समय उन्हें व्यापक जनसमर्थन की जरूरत है। उन्होंने लोगों से भी एक दिन के उपवास में शामिल होकर वीडियो संदेश साझा करने की अपील की।

दीपके ने कहा कि वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती चिंता के बीच उनके समर्थकों और लद्दाख के लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए सामूहिक उपवास रखा है।

गौरतलब है कि गुरुवार को भूख हड़ताल के दौरान सोनम वांगचुक का ब्लड शुगर स्तर 60 तक पहुंच गया था, जबकि उनका ब्लड प्रेशर भी सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। इसके बाद उनके समर्थकों ने स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता जताई है।