जयपुर मेट्रो फेज-2 समेत कई विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास, युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र; सुरक्षा तैयारियां अंतिम चरण में

जोधपुर/बालोतरा (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह जोधपुर में नए सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचकर बहुप्रतीक्षित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित प्रदेश की कई विकास परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे और विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे जोधपुर पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वह नए सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे तथा क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे। जोधपुर में उनका कार्यक्रम करीब 15 से 20 मिनट का रहेगा, जहां वह नए टर्मिनल से जुड़ा एक संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण भी देखेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचेंगे। यहां दोपहर करीब 12 बजे एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन करने के साथ परियोजना का निरीक्षण भी करेंगे। पचपदरा में उनका लगभग दो घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसके बाद वह दिल्ली लौट जाएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम जारी होना अभी बाकी है।

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए जोधपुर और बालोतरा में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के कमांडो तैनात हैं और जिला प्रशासन, पुलिस, एयरपोर्ट अथॉरिटी तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रही हैं। कार्यक्रम स्थलों पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

पचपदरा रिफाइनरी को राजस्थान की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं में गिना जाता है। इसके शुरू होने से पश्चिमी राजस्थान, विशेषकर बालोतरा और बाड़मेर क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। साथ ही परिवहन, लॉजिस्टिक्स, होटल, व्यापार और सेवा क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलने की संभावना है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी 21 अप्रैल को इस रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले थे, लेकिन उद्घाटन से एक दिन पहले क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) के पास आग लगने की घटना के बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। जांच और आवश्यक सुरक्षा उपायों के बाद अब रिफाइनरी पूरी तरह तैयार है और प्रधानमंत्री 4 जुलाई को इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।