चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को अंबाला के नारायणगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेशवासियों को 325 अमृत सरोवर और 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस समर्पित कीं। इस अवसर पर उन्होंने 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
इन परियोजनाओं में 114 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सात स्वास्थ्य परियोजनाएं तथा 223 करोड़ रुपये की लागत से विकसित 325 अमृत सरोवर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन केवल नारायणगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने चुनावी संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में किए गए 217 वादों में से 66 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 151 वादों पर कार्य जारी है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि बीमारियों की समय पर पहचान और रोकथाम सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अब ब्लॉक स्तर पर भी पहल शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों में रोटेशन आधार पर काउंसलर की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, नई एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात की जाएंगी और इन्हें डायल-112 आपातकालीन सेवा से जोड़ा जाएगा, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।