मुख्यमंत्री योगी ने बढ़ाई समय-सीमा, बोले- निष्पक्ष जांच होगी, दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा

लखनऊ (Narendra Singh Danu) : अयोध्या तीर्थ क्षेत्र से जुड़े दान प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 15 जुलाई तक का अतिरिक्त समय दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईटी के अनुरोध को स्वीकार करते हुए जांच की समय-सीमा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मामले के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी ने अतिरिक्त समय की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर गठित एसआईटी ने 23 जून को अपना प्रारंभिक प्रतिवेदन गृह विभाग को सौंपा था। रिपोर्ट में की गई सिफारिशों के आधार पर 25 जून को ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन की शिकायत पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में पहली एफआईआर दर्ज की गई।

एफआईआर में आठ नामजद और कुछ अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, नामजद सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।