मुक्तसर (Narendra Singh Danu) : जिला परिषद मुक्तसर में मंगलवार को चेयरमैन और वाइस चेयरपर्सन पद के लिए हुए चुनाव में राजनीतिक समीकरण बदल गए। वोटिंग के बाद आम आदमी पार्टी की गुरविंदर कौर मलोट को जिला परिषद की चेयरपर्सन चुना गया, जबकि वाइस चेयरपर्सन पद पर शिरोमणि अकाली दल की कुलविंदर कौर जस्सिआना को सर्वसम्मति से चुना गया।
यह चुनाव प्रक्रिया रेड क्रॉस भवन में संपन्न हुई। जानकारी के अनुसार, वाइस चेयरपर्सन पद के लिए आम आदमी पार्टी की ओर से कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं था, जिसके चलते अकाली दल की प्रत्याशी का चयन सर्वसम्मति से हो गया।
हालांकि, चुनाव के बाद शिरोमणि अकाली दल ने प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अकाली दल नेताओं का आरोप है कि प्रशासन ने सत्ता पक्ष के दबाव में काम किया और चुनाव प्रक्रिया में धक्केशाही की गई। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि उनके पास संख्याबल अधिक था, लेकिन एक वोट रद्द किए जाने और प्रक्रिया में गड़बड़ी के कारण परिणाम प्रभावित हुआ।
वहीं प्रशासन के अनुसार कुल 17 सदस्यों में चेयरमैन पद के लिए हुई वोटिंग में आम आदमी पार्टी को 8 वोट, अकाली दल को 7 वोट मिले, जबकि एक वोट रद्द हो गया और एक सदस्य अनुपस्थित रहा। इसी आधार पर गुरविंदर कौर मलोट को चेयरपर्सन चुना गया।
चुनाव परिणाम के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने जश्न मनाया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर और अन्य स्थानीय नेता मौजूद रहे। नवनियुक्त चेयरपर्सन गुरविंदर कौर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले में विकास कार्यों को तेज करना और लोगों की समस्याओं का समाधान करना होगा।
वहीं वाइस चेयरपर्सन कुलविंदर कौर जस्सिआना ने भी कहा कि वे मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगी। दूसरी ओर, अकाली दल ने इस पूरे मामले को लेकर कानूनी चुनौती देने की बात कही है।