लुधियाना (Narendra Singh Danu) : मोहर्रम के दिन लुधियाना में आयोजित एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में कुछ मुस्लिम युवकों को डीजे पर फिल्मी और रैप गानों की धुन पर हाथों में तलवारें, लाठियां और डंडे लेकर डांस करते हुए देखा गया, जिस पर अब धार्मिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
इस मामले पर पंजाब के शाही इमाम मोहम्मद उस्मान उर रहमानी ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि मोहर्रम जैसे शोक के अवसर पर इस तरह का व्यवहार और हुड़दंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आयोजकों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
शाही इमाम ने कहा कि यह दिन शहादत और शोक का प्रतीक है, ऐसे में इसे जश्न या मनोरंजन के रूप में मनाना अनुचित है। उन्होंने देशभर के मुस्लिम उलेमाओं और नेताओं से भी अपील की है कि जहां-जहां इस तरह की घटनाएं हुई हैं, वहां संबंधित आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि धार्मिक अवसरों पर व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखना समुदाय की जिम्मेदारी है, और गलत गतिविधियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं से समाज में गलत संदेश जाता है और धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में लुधियाना की दाना मंडी क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा डीजे पर नाचते हुए हथियार लहराने के दृश्य सामने आए हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस पर बहस तेज हो गई है और विभिन्न समुदायों की ओर से भी इस पर आपत्ति जताई जा रही है।