जय जवान जय किसान आर्मी ट्रेनिंग अकादमी के सहयोग से नौजवानों को समाज में फैले नशे के कोढ़ से बचाने के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील की

होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : पुलिस चौकी भूंगा के इंचार्ज एएसआई जगदीश कुमार द्वारा जय जवान जय किसान आर्मी ट्रेनिंग अकादमी के सहयोग से नौजवानों को समाज में फैले नशे के कोढ़ से बचाने के लिए अकादमी के विशेष दौरे के दौरान नौजवानों से इस मुहिम को कामयाब बनाने के लिए इलाके में जनता को जागरूक करने हेतु उनके बहुमूल्य सहयोग के लिए अपील की।

(पंजाबियों जागो, नशे को त्यागो) स्लोगन को मुख्य रखते हुए उनके द्वारा इस मुहिम को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए यह विशेष दौरा किया गया। जिसके दौरान उन्होंने अकादमी के कोच नीरज डडवाल द्वारा युवाओं को तंदुरुस्त रखने और संभालने के लिए किए जा रहे प्रयासों को देखकर उनकी सराहना की और उन्हें और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि यदि पूरे इलाके में अलग-अलग गांवों में इस तरह की सुविधा और प्रयास उपलब्ध होने लगें तो वह दिन दूर नहीं जब पंजाब के नौजवान इन स्थानों पर सुबह-शाम ग्राउंड को अपने जीवन का मुख्य हिस्सा बनाते हुए तंदुरुस्त शरीर और चुस्ती-फुर्ती के साथ स्वस्थ रहकर जीवन जी सकेंगे।

उन्होंने कहा कि आज का पंजाब जो कि विभिन्न प्रकार के नशे से ग्रस्त होकर नशे के जाल में फंसता जा रहा है, उससे पंजाब को मुक्त करने के लिए समय-समय पर सरकार और प्रशासन द्वारा कई तरह के प्रयास किए जाते हैं ताकि सूबे के नौजवानों को नशे के कलंक से सुरक्षित रखा जा सके। अकादमी के कोच नीरज डडवाल और उनकी टीम द्वारा चौकी इंचार्ज को ट्रॉफी देकर उनके द्वारा समाज के लिए किए जा रहे कार्य के लिए सम्मानित किया। अकादमी के कोच नीरज डडवाल और भारी संख्या में उपस्थित नौजवानों ने पंजाब में फैले नशे के कलंक को जड़ से खत्म करने के लिए लोगों को इसके प्रति जागरूक करके हर तरह का सहयोग देने की शपथ भी ली।इस अवसर पर एएसआई परमजीत सिंह,लेडी हवलदार रणदीप कौर उपस्थित थे।