जनसभा में सरकार की योजनाओं का उल्लेख, विपक्ष पर तीखा हमला; किसानों और विकास परियोजनाओं पर कई घोषणाएं

गुरदासपुर (Narendra Singh Danu) : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कादियां हल्के को सब-डिवीजन के रूप में अपग्रेड करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से लंबे समय से लंबित मांग पूरी होगी और लोगों को एक ही स्थान पर एसडीएम, डीएसपी और एडीसी कार्यालयों सहित सभी प्रमुख सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

कादियां में आयोजित एक विशेष जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स के जरिए लोगों को सरकारी कामकाज में आसानी होगी और सेवा वितरण प्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर नई नियुक्तियां और व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री मान ने अपने संबोधन में राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब में 90 प्रतिशत से अधिक घरों को शून्य बिजली बिल की सुविधा मिल रही है और लाखों परिवारों को कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार पारदर्शिता और जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है।

किसानों से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि गन्ना बकाया राशि जल्द जारी की जाएगी। साथ ही उन्होंने राज्य में सड़क नेटवर्क के नवीनीकरण, खेल मैदानों के विकास और गांवों के तालाबों के पुनर्जीवन जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा और कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहे नेताओं ने राज्य के विकास को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने जनता से अपील की कि आने वाले चुनावों में वे विकास और पारदर्शिता के पक्ष में समर्थन दें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत कर रही है और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए हजारों खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें सकारात्मक दिशा दी जा सके।