एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना की टीमें जुटीं, कैमरे में बच्चे का एक हाथ दिखा; बचाव कार्य में आ रही कठिनाई

अंबाला (Narendra Singh Danu) : हरियाणा के अंबाला जिले के धन्यौरा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां करीब 4 साल का बच्चा खेलते-खेलते 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चा निर्भय अपने पिता मनजीत सिंह के साथ खेत में दादा करनैल सिंह को खाना देने गया था। इसी दौरान वह खेलते हुए बोरवेल के पास पहुंच गया और पैर फिसलने से उसमें गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और मौके पर अधिकारी पहुंच गए।

अंबाला उपायुक्त अजय सिंह तोमर, अंबाला कैंट की उपजिलाधिकारी कनिका गोयल सहित पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर मौजूद हैं। बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना की संयुक्त टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

जानकारी के अनुसार, बोरवेल करीब 220 फीट गहरा है और लगभग 60 फीट की गहराई के बाद उसमें पानी भरा हुआ है, जिससे रेस्क्यू कार्य में मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थिति का आकलन करने के लिए अंडरवॉटर कैमरे रस्सी के सहारे नीचे उतारे गए हैं।

एनडीआरएफ टीम के अनुसार कैमरे में बच्चे का एक हाथ ऊपर की ओर दिखाई दिया है, जबकि उसकी गर्दन नीचे की ओर झुकी हुई नजर आई। अब तक कई बार कांटे और कुंडी डालकर बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

बोरवेल का व्यास करीब 9 इंच होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन और भी चुनौतीपूर्ण बन गया है। दोपहर करीब 12:30 बजे टीम ने नई डिजाइन की विशेष कुंडी तैयार कराने का निर्णय लिया, जिसके लिए वेल्डिंग कार्य हेतु टीम को अंबाला कैंट भेजा गया है।

घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जमा हो गई है और लोग बच्चे की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। वहीं, बच्चे के पिता मनजीत सिंह बेटे को बचाने की गुहार लगाते हुए बेहोश हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चे की मां जसबीर कौर भी गहरे सदमे में हैं।