नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत पार्टी नेताओं को रोके जाने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी और भूमि अनियमितताओं के मामलों में कार्रवाई की मांग कर रहे कांग्रेस नेताओं को अयोध्या जाने से रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कदम का उद्देश्य दोषियों को बचाना है और विपक्षी नेताओं को तथ्यों तक पहुंचने से रोकना है।
रमेश ने दावा किया कि कथित अनियमितताओं को लेकर देशभर में सवाल उठ रहे हैं और एसआईटी जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद मुख्य आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में कार्रवाई के बजाय कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को हाउस अरेस्ट कर रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।
वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी आरोप लगाया कि अयोध्या पहुंचते ही उन्हें और अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर यात्रा रोक दी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सब कुछ पारदर्शी है तो नेताओं को राम मंदिर जाने से क्यों रोका गया।
कांग्रेस के नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में सांसद तनुज पुनिया, किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमण सिंह और विधायक वीरेंद्र चौधरी सहित अन्य नेता शामिल थे, जिनका अयोध्या में दर्शन-पूजन और तथ्यों की जानकारी जुटाने का कार्यक्रम था।