गिरिराज सिंह बोले- देश के लाखों किसान, बुनकर और कारीगर वस्त्र उद्योग की रीढ़

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के अवसर पर केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को कपड़ा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और प्रमुख पहलों की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

इस समीक्षा बैठक में आजीविका सृजन, नवाचार, पारंपरिक हस्तशिल्प और वस्त्र उद्योग को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। मंत्रालय ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उनके परिणामों के साथ-साथ भविष्य की रणनीतियों पर भी चर्चा की।

बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत के वस्त्र क्षेत्र की सफलता के पीछे देश के लाखों किसान, बुनकर, कारीगर, श्रमिक, उद्यमी और निर्यातकों की मेहनत और समर्पण है। उन्होंने कहा कि सरकार इन सभी के कल्याण और टेक्सटाइल सेक्टर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मंत्रालय के अनुसार, बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि पारंपरिक बुनकरों और कारीगरों को आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ मिलना चाहिए। साथ ही वस्त्र क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने और निर्यात बढ़ाने से जुड़े प्रयासों की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि देश की पारंपरिक वस्त्र एवं हस्तशिल्प विरासत को भी मजबूती मिलेगी और उद्योग को नई गति प्राप्त होगी।