नई दिल्ली/ विक्टोरिया (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपनी सेशेल्स यात्रा के दौरान राजधानी विक्टोरिया स्थित देश के एकमात्र हिंदू मंदिर ‘अरुलमिगु नवशक्ति विनायक’ में भगवान श्री गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा, “मैंने विक्टोरिया स्थित प्रमुख हिंदू मंदिर ‘अरुलमिगु नवशक्ति विनायक’ में प्रार्थना की। भगवान श्री गणेश सभी को बुद्धि, शक्ति और समृद्धि का आशीर्वाद दें।”
विक्टोरिया में स्थित ‘अरुलमिगु नवशक्ति विनायक’ मंदिर सेशेल्स का पहला और एकमात्र हिंदू मंदिर है। वर्ष 1992 में स्थापित यह मंदिर न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि भारतीय संस्कृति और हिंदू परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक भी माना जाता है।
मंदिर परिसर में भगवान गणेश के अलावा भगवान मुरुगन, भगवान नटराज, मां दुर्गा सहित कई अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। यह मंदिर स्थानीय भारतीय समुदाय के साथ-साथ विभिन्न देशों से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।