अभनपुर में संगठन सृजन शिविर में कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण, सोशल मीडिया और चुनावी रणनीति पर भी हुई चर्चा

रायपुर (Narendra Singh Danu) : छत्तीसगढ़ के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के 10 दिवसीय ‘संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर’ का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा शामिल हुए और मीडिया से बातचीत के दौरान राम मंदिर ट्रस्ट, भाजपा और आगामी चुनावों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।

पवन खेड़ा ने राम मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान राम के नाम पर किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए देशभर के लोगों ने श्रद्धा से दान दिया था, इसलिए उस धन के उपयोग में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब मंदिर से जुड़े वित्तीय मामलों पर सवाल उठाए जाते हैं तो भाजपा इसे आस्था पर हमला बताने लगती है, जबकि अनियमितताओं पर सवाल उठाना धर्म और जनविश्वास की रक्षा का हिस्सा है।

खेड़ा ने सोशल मीडिया पर भाजपा के प्रचार का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तथ्यों और सच्चाई के आधार पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में सोशल मीडिया प्रभावी माध्यम बन चुका है और कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित होना जरूरी है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों में अहंकार बढ़ गया है और वे जनता की आवाज सुनने के बजाय अपनी नीतियां थोपने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत बनाने, चुनावी तैयारी, मीडिया प्रबंधन और जनता से प्रभावी संवाद जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ नेता भी अलग-अलग सत्रों में शामिल हुए।