अरण्य सोसाइटी के टावर में AC ब्लास्ट से आग लगने की आशंका, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

नोएडा (Narendra Singh Danu) : एनसीआर में आग की घटनाओं के बीच सोमवार सुबह नोएडा के सेक्टर 119 स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना अरण्य सोसाइटी के एक टावर में हुई, जहां 22वीं मंजिल से अचानक धुआं उठता देखा गया।

जानकारी के अनुसार, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास के एक फ्लैट को भी अपनी चपेट में ले लिया। सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत फ्लैट खाली कराने की अपील की।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान नोएडा के चीफ फायर ऑफिसर और पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ फ्लैटों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने का कारण 22वीं मंजिल पर एक फ्लैट की बालकनी में लगे एयर कंडीशनर में हुए धमाके को बताया जा रहा है। इसी ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैल गई।

फायर विभाग मामले की जांच में जुट गया है, जबकि सोसाइटी में एहतियातन सुरक्षा जांच और राहत कार्य जारी हैं।