अमृतसर (Narendra Singh Danu) : पवित्र नगरी अमृतसर में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सुल्तानविंड बाईपास और सुल्तानविंड लिंक रोड के जंक्शन पर बने नए फ्लाईओवर को जनता को समर्पित किया। लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र में परियोजना को राहतकारी कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस परियोजना को पारदर्शी तरीके से पूरा कर सरकार ने 11.52 करोड़ रुपये की बचत की है। पहले इस फ्लाईओवर के लिए 34.20 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी, लेकिन इसे 22.68 करोड़ रुपये की लागत में पूरा किया गया।
फ्लाईओवर की कुल लंबाई 985 मीटर बताई गई है, जिसमें 725 मीटर मुख्य संरचना और दोनों ओर 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड शामिल है। परियोजना में वर्षा जल निकासी और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
फ्लाईओवर का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि प्रतिदिन दो लाख से अधिक श्रद्धालु अमृतसर में श्री दरबार साहिब और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आते हैं, ऐसे में यह परियोजना यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी और लोगों के समय की बचत करेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि 15 जुलाई तक 3,100 नए खेल मैदान, 3,000 ग्रामीण जिम और 400 आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित करने का लक्ष्य है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में अब 80 प्रतिशत से अधिक नहरी पानी का उपयोग सिंचाई के लिए किया जा रहा है, जबकि 43,000 किलोमीटर सड़कों के निर्माण के बाद उनके पांच साल के रखरखाव की जिम्मेदारी ठेकेदारों पर तय की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस पारदर्शिता और ईमानदार शासन पर है, और जनता का पैसा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी ढांचे पर खर्च किया जा रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।