‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान को मिलेगा बल, ग्रामीण स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल

फरीदकोट (Narendra Singh Danu) : पंजाब को नशामुक्त और खेल-प्रधान राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने आज पूरे राज्य में 500 आधुनिक ग्रामीण जिम जनता को समर्पित किए।

फरीदकोट के गांव चंद बाजा से इन जिमों का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह पहल राज्य में चल रहे ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें खेल और फिटनेस की ओर प्रेरित करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार 1,791 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड खेल बजट के तहत पंजाब में 3,000 आधुनिक ग्रामीण जिम स्थापित कर रही है, साथ ही 3,100 खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। अब तक 250 खेल मैदान जनता को समर्पित किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि ये केवल जिम नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। ग्रामीण स्तर पर इन सुविधाओं से युवाओं में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी और नशे की समस्या पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

मुख्यमंत्री मान ने ग्रामीण तालाबों के पुनरुद्धार अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि गांवों के तालाबों की सफाई और नवीनीकरण की व्यापक योजना तैयार की गई है, जिससे शुद्ध जल का उपयोग कृषि कार्यों में किया जा सकेगा और भूजल पर निर्भरता कम होगी।

इसी दौरान ‘मांवां-धीयां सत्कार योजना’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 जुलाई से 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र महिलाओं को सीधे बैंक खातों में सहायता राशि भेजी जाएगी। एससी वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये और अन्य वर्गों को 1,000 रुपये प्रतिमाह देने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना से राज्य की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।