नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को दिल्ली में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 5 से 6 दिनों में राजधानी तक पहुंच सकता है।
दिल्ली में गर्मी और उमस का रिकॉर्ड असर
आईएमडी के अनुसार रविवार को दिल्ली में पिछले दो वर्षों का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा। उमस के कारण लोगों को तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से अधिक जैसा महसूस हुआ।
मानसून की रफ्तार तेज होने के आसार
स्काईमेट के अनुमान के मुताबिक यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 4 जुलाई तक मानसून दिल्ली पहुंच सकता है। अरब सागर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के टकराव से बादल बन रहे हैं, लेकिन नमी की कमी के कारण व्यापक बारिश नहीं हो पा रही है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और बाढ़
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं। अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई जिलों में राहत और बचाव कार्य जारी है। सिक्किम में बेली ब्रिज बह जाने से एक क्षेत्र का संपर्क टूट गया है।
हिमाचल, उत्तराखंड और राजस्थान में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में 4 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड में तेज बारिश और हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में 2 जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
पंजाब-हरियाणा और जम्मू में भी बदलाव
पंजाब और हरियाणा में 29 जून, 1 और 2 जुलाई को छिटपुट बारिश की संभावना है। जम्मू क्षेत्र में भी तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव के संकेत हैं।