ग्रीन लीडरशिप, ब्लू इकोनॉमी और जलवायु कार्रवाई में योगदान के लिए मिला पहला संस्करण का सम्मान

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रविवार को एक विशेष समारोह में सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी द्वारा प्रतिष्ठित सम्मान ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान प्रधानमंत्री को पर्यावरण-अनुकूल नेतृत्व, जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयासों, ब्लू इकोनॉमी को बढ़ावा देने तथा छोटे द्वीपीय विकासशील देशों के हितों को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए दिया गया है। यह इस सम्मान का पहला संस्करण है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने यह सम्मान उन सभी देशों को समर्पित किया जो पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ वैश्विक प्रयासों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह सम्मान दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत करेगा।

मंत्रालय ने बताया कि यह सम्मान प्रधानमंत्री की हरित पहल और वैश्विक पर्यावरण अभियानों को मान्यता देता है, जिनमें इंटरनेशनल सोलर अलायंस, मिशन लाइफ, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस जैसी पहल शामिल हैं।

इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी को कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं, जिनमें एफएओ का एग्रीकोला मेडल, सियोल शांति पुरस्कार और संयुक्त राष्ट्र का ‘चैंपियन ऑफ द अर्थ’ पुरस्कार शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि अब तक 34 देशों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को उनके योगदान के लिए सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया जा चुका है।