कुरुक्षेत्र (अश्विनी वालिया): श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के अंतर्गत संचालित महाराजा अग्रसेन सीनियर पब्लिक स्कूल,दबखेड़ी में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास एवं शिक्षण गुणवत्ता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विज्ञान विषय पर दो दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम (क्षमता निर्माण कार्यक्रम) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विज्ञान विषय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नवाचार आधारित शिक्षण तकनीकों तथा विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के प्रभावी तरीकों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन अनुभवी विशेषज्ञ मंजू सहगल एवं साक्षी सिक्का द्वारा किया गया। उन्होंने विज्ञान शिक्षण को अधिक रोचक, प्रयोगात्मक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों, उदाहरणों और व्यवहारिक सत्रों के माध्यम से शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। साथ ही उन्होंने नई शिक्षा नीति के अनुरूप प्रभावी शिक्षण, मूल्यांकन एवं नवाचार पर भी महत्वपूर्ण विचार साझा किए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की ओर से प्रियंका सिंगला ने दोनों विशेषज्ञों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के ज्ञान एवं कौशल में वृद्धि करते हैं, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलता है। उन्होंने दोनों प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के नीरज रानी, रेनू, कल्पना, रचना, अरुण, मुकेश सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।