राजघाट पर गांधी को श्रद्धांजलि देकर शुरू किया विरोध; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारों को लेकर सक्रिय सोनम वांगचुक ने रविवार को जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने से पहले राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सोशल मीडिया अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)’ के प्रमुख अभिजीत दीपके ने ‘एक्स’ पर यह जानकारी साझा की।

वांगचुक कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा प्रणाली में जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। यह अनशन जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के विरोध कार्यक्रम का हिस्सा है।

इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा था कि वे 27 जून तक सरकार के जवाब का इंतजार करेंगे। यदि शिक्षा सुधार, परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और लद्दाख के पर्यावरण व सांस्कृतिक संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो वे 28 जून से अनशन पर बैठेंगे।

CJP ने देशभर के युवाओं और नागरिकों से अपील की है कि वे जंतर-मंतर पहुंचकर इस आंदोलन को समर्थन दें और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूती दें।