केंटर में बोतलों के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी खेप, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

पलवल (Narendra Singh Danu) : एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक केंटर से 201.75 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त की गई इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी विश्व गौरव ने बताया कि 26-27 जून की रात टीम होडल के हसनपुर चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि राजस्थान के अलवर निवासी दो तस्कर उड़ीसा से गांजा लेकर अलवर जा रहे हैं, जिसे केंटर में कांच की बोतलों के कट्टों के नीचे छिपाया गया है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध केंटर को रोककर तलाशी ली। वाहन में 18 कट्टों के अंदर छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान पवन कुमार और लियाकत, दोनों निवासी जिला अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बिना किसी वैध दस्तावेज के मादक पदार्थ की यह खेप ले जा रहे थे। पुलिस ने गांजा, केंटर और अन्य सामान को कब्जे में लेकर होडल थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन का रिमांड हासिल किया है, ताकि पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।