विधायक ओमप्रकाश यादव ने अभिभावकों से की अपील— 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा खुराक से न छूटे

नारनौल (Narendra Singh Danu) : जिले में रविवार से राष्ट्रव्यापी सघन पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई। सामान्य अस्पताल परिसर में विधायक ओमप्रकाश यादव ने बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी की चपेट में न आए।

विधायक ने कहा कि भारत वर्ष 2014 से पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में अब भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में संक्रमण का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि एक भी बच्चा दवा से वंचित रह जाता है तो बीमारी के दोबारा फैलने की आशंका बनी रहती है।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार और उप सिविल सर्जन डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि पोलियो एक वायरस जनित बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी तरीका बार-बार पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन बच्चों को पहले भी पोलियो की दवा दी जा चुकी है, उन्हें भी अभियान के दौरान दोबारा खुराक पिलाना जरूरी है, ताकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता और मजबूत हो सके।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवकों और आम नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा में भी सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान को गति दी और अभिभावकों से सभी पात्र बच्चों को समय पर खुराक दिलाने का आग्रह किया।

इस दौरान डॉ. हर्ष चौहान, डॉ. दिनेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।