हिसार (Narendra Singh Danu) : हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के कृषि महाविद्यालय के बीएससी (कृषि) तृतीय वर्ष के छात्र कमल का चयन जापान में आयोजित होने वाले 25वें अंतरराष्ट्रीय छात्र शिखर सम्मेलन ऑन फूड, एग्रीकल्चर एंड एनवायरनमेंट के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित सम्मेलन 30 जून से 3 जुलाई तक टोक्यो यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर में आयोजित होगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने कमल को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच छात्रों को अपनी शोध क्षमता और ज्ञान का वैश्विक स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि वैश्विक सहयोग और सहभागिता से छात्रों में नवाचार, विविध संस्कृतियों और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण का विकास होता है।
कमल सम्मेलन में ‘पुशिंग बाउंड्रीज: इंक्लूसिव एक्टिविटीज फॉर कम्युनिटी वेलफेयर’ विषय पर अपना शोध-पत्र प्रस्तुत करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय मामलों की प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. आशा कवात्रा ने बताया कि सम्मेलन में कमल की भागीदारी पूरी तरह प्रायोजित है और यात्रा सहित सभी खर्च टोक्यो यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर वहन करेगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 23 देशों के 26 विश्वविद्यालयों से केवल 27 प्रतिभागियों का चयन किया गया है, जिससे यह उपलब्धि और भी विशेष बन जाती है।
छात्र कमल ने अपनी सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और अपने अभिभावकों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन की बदौलत ही उन्हें यह सम्मानजनक अवसर मिला है।