हांसी (Narendra Singh Danu) : जिले के गांव घिराय में लगातार बिजली संकट से परेशान ग्रामीण रविवार को सड़कों पर उतर आए। ग्रामीणों ने हांसी-बरवाला रोड जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ग्रामीण सतीश बूरा ने आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बेहद खराब है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद बिजली विभाग ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उनका कहना था कि सरकार शहरों में 24 घंटे बिजली देने का दावा करती है, लेकिन गांवों में नाममात्र की बिजली मिल रही है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ किसानों का काम भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या किसी तकनीकी खराबी या लाइन फॉल्ट की नहीं है। सभी लाइनें दुरुस्त होने के बावजूद पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं कराई जा रही। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों पर फोन न उठाने और शिकायतों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया।
जाम की सूचना मिलने पर भाटला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहे। दोपहर तक बिजली निगम का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
प्रदर्शन में राहुल, राजेश, विक्की, लाडी समेत पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के सदस्य भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।