गुरुग्राम (Narendra Singh Danu) : गुरुग्राम पुलिस की साइबर अपराध पश्चिम थाना टीम ने वजन कम करने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उद्योग विहार फेज-5 स्थित कॉल सेंटर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने 102 मोबाइल फोन, 150 सिम कार्ड, 12 लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि एसीपी गौरव फोगाट के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मंदीप (आया नगर, दिल्ली), नेहा (रंगपुरी, दिल्ली) और वर्षा (मैनपुरी, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी 'कोरेट साइंस एंड वेलनेस' के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पेज बनाकर वजन कम करने वाली हर्बल दवाओं का प्रचार करते थे। विज्ञापन पर क्लिक करने वाले लोगों से कॉल सेंटर के माध्यम से संपर्क किया जाता था, जहां कर्मचारी खुद को डॉक्टर, डाइटिशियन और ब्यूटीशियन बताकर भरोसा जीतते थे।
आरोपी ग्राहकों को दवा खरीदने के लिए प्रेरित करते और दावा करते कि यदि वजन कम नहीं हुआ तो 100 प्रतिशत रकम वापस कर दी जाएगी। लेकिन दवा से कोई लाभ नहीं मिलने पर न तो पैसा लौटाया जाता था और न ही शिकायतों का जवाब दिया जाता था। इसके बजाय ग्राहकों के नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे।
पुलिस जांच में पता चला है कि इस गिरोह ने गुजरात सहित कई राज्यों में लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया है। ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर कंपनी के कर्मचारियों को आवंटित थे, जबकि पूरे नेटवर्क का संचालन कंपनी के मैनेजर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, डायरेक्टर और अन्य सहयोगी मिलकर कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 102 मोबाइल फोन, 150 सिम कार्ड, 12 लैपटॉप और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। इस संबंध में साइबर अपराध पश्चिम थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।